शिमला, 27 जनवरी (हि.स.)। शिमला में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने दो युवकों को चिट्टा के साथ पकड़ा है। लक्कड़ बाजार पुलिस ने ऑकलैंड टनल के पास एक किराए के कमरे से 3.87 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए दोनों युवक कुल्लू जिला के आनी के रहने वाले हैं। युवकों की पहचान 21 वर्षीय सत्यम और 18 वर्षीय सूर्यांश के रूप में हुई है। दोनों युवक शिमला में एक किराए के कमरे में रह रहे थे।
बीती रात सूचना के आधार पर लक्कड़ बाजार पुलिस ने मौके पर दबिश दी और तलाशी के दौरान कमरे से 3.87 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इसके बाद दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले में पुलिस थाना सदर शिमला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन लोग जुड़े हो सकते हैं। मामले की जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
