शिमला, 07 फ़रवरी (हि.स.)। एक युवक अपने किराये के कमरे में मृत अवस्था में पाया गया। उसका शव जली हुई हालत में मिला है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

यह घटना शिमला जिले के चौपाल थाना क्षेत्र में सामने आई। शुक्रवार को पुलिस को स्थानीय निवासी करतार नेगी ने सूचना दी कि उनका एक किरायेदार कमरे के अंदर मृत पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। कमरे की तलाशी के दौरान युवक का शव जली हुई अवस्था में पाया गया।

आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान राजकुमार शर्मा पुत्र धर्मवीर शर्मा के रूप में हुई, जो मूल रूप से गांव व डाकघर देहा, तहसील ठियोग, जिला शिमला का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया, जिसमें कुछ संभावित पते ज्वालापुर क्षेत्र में सामने आए, लेकिन तत्काल किसी नजदीकी रिश्तेदार का पता नहीं चल सका।
पुलिस के अनुसार मृतक कमरे में अकेला रह रहा था और प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मृत्यु के सही कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही की जाएगी।
पुलिस ने मामले में गवाहों के बयान दर्ज कर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं तथा आगे की कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
