किशनगंज, 19 अप्रैल (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारू है।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। रविवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति की स्थिति पूर्णतः सामान्य बनी हुई है। वर्तमान में जिले में 7023 से अधिक गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है और गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था भी नियमित रूप से संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता घर बैठे गैस बुकिंग कर सकते हैं और पूर्व की तरह 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
जिला प्रशासन ने कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए धावा दल के माध्यम से नियमित छापेमारी भी की जा रही है।सुसंगत प्रावधानों के तहत कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है।
जिले का कंट्रोल रूम दूरभाष संख्या 06456-225152 है। प्रशासन के अनुसार फिलहाल एलपीजी गैस से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता न करें और अफवाहों पर ध्यान देने से बचें।हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह
