बनिहाल, 29 जनवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर यातायात पुलिस मुख्यालय ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क की क्षति और मौजूदा खतरनाक स्थितियों को देखते हुए आज के लिए विस्तृत यातायात योजना और सलाह जारी की।

सलाह के अनुसार किश्तवारी पथेर पर 40-50 मीटर का एक लेन वाला हिस्सा सड़क धंसने से प्रभावित है जिसके कारण भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। भीड़भाड़ कम करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारी वाहनों को एक दिन छोड़कर चलने की अनुमति दी जाएगी। यात्रियों और हल्के वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर केवल दिन के समय ही यात्रा करें जबकि रामबन और बनिहाल के बीच चल रहे निर्माण कार्य और पत्थर गिरने, भूस्खलन के खतरे के कारण रात में यात्रा न करने की सख्त सलाह दी गई है।

इस सलाह में यात्रियों को नाचलाना और नवयुग सुरंग के बीच हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद जमी बर्फ के बारे में भी चेतावनी दी गई है जिससे सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं। यातायात अधिकारियों ने वाहन चालकों से लेन नियमों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया है और चेतावनी दी है कि ओवरटेकिंग और गलत लेन में गाड़ी चलाने से ट्रैफिक जाम हो सकता है, खासकर संकरे रास्तों पर।
यातायात योजना के अनुसार मौसम अनुकूल रहने और सड़क की स्थिति में सुधार होने पर एनएच-44 पर जम्मू और श्रीनगर दोनों ओर से कम भार वाले वाहन (एलएमवी), यात्री वाहन, एचपीवी और निजी कारों को आवागमन की अनुमति होगी। हालांकि, सड़क और यातायात की स्थिति का आकलन करने के बाद ही भारी भार वाले वाहनों (एचएमवी) को जाखेनी (उधमपुर) से श्रीनगर की ओर जाने की अनुमति दी जाएगी। दोपहर 2:00 बजे के बाद किसी भी एचएमवी को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं होगी और ऐसे वाहनों को रवाना करने से पहले उधमपुर यातायात नियंत्रण इकाई (टीसीयू) रामबन टीसीयू के साथ समन्वय करेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह
