लखीमपुर खीरी, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में थाना भीरा क्षेत्र में बीती रात शनिवार को चोरों ने दो किसानों के घरों को निशाना बनाया। चोर उनके घरों से लाइसेंसी बंदूक, नकदी और लाखों रुपये के जेवर चुराकर फरार हो गए। सूचना के बाद रविवार को मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने जांच कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

पहली घटना कस्बा भीरा के सलामत नगर भट्ठा निवासी सिख किसान ओमकार सिंह के घर में हुई। चोर घर के पीछे लगी खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे। उन्होंने अलमारी में रखे करीब पांच तोले सोने के जेवर और 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
इसके बाद गन्ना सेंटर के पास रहने वाले सिख किसान गुरमेल सिंह के घर को भी निशाना बनाया। चोर घर के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे गए और अंदर रखी एक लाइसेंसी बंदूक, जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए।
एक ही रात में हुई दो चोरियों की सूचना पर आज सुबह भीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में भीरा थानाध्यक्ष रोहित दुबे ने बताया कि दो घरों से चोरी की सूचना मिली है। मौके पर जाकर जांच की जा रही है और मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव
