उरई, 02 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उरई में कालपी कोतवाली क्षेत्र के नवीन गल्ला मंडी परिसर में सोमवार को किसान बनकर आए दो बाइक सवारों ने दिनदहाड़े एक व्यापारी को अनाज से भरे ट्रैक्टर का माल दिखाने के बहाने 50 हजार रुपये की ठगी कर फरार हो गए। शातिरों की घटना मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि गल्ला मंडी परिसर में देवेंद्र कुमार अनाज का कारोबार करते हैं। आज व्यापारी के पास दो युवक बाइक से पहुंचे और खुद को किसान बताते हुए बोले कि उनके ट्रैक्टर में अनाज भरा है, जिसे व्यापारी को दिखाना है। विश्वास में लेकर दोनों जालसाज युवकों ने व्यापारी को अपने साथ बाइक पर बैठा लिया। ट्रैक्टर में माल दिखाने के नाम पर जाते समय रास्ते में ही बदमाशों ने मौका पाकर व्यापारी की पैंट की जेब काट ली और उसमें रखे 50 हजार रुपये निकाल लिए। व्यापारी को कुछ देर बाद जब जेब कटने का पता चला, तब तक दोनों युवक रफ्तार से बाइक दौड़ाते हुए फरार हो गए।
सूचना मिलते ही कालपी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं जिसमें दोनों टप्पेबाजों की बाइक से भागते हुए नजर आए हैं। फुटेज के आधार पर दोनों आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा
