देहरादून, 07 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय मजदूर किसान संगठन पंजी. के प्रदेश प्रभारी अरुण कुमार शर्मा के नेतृत्व में शनिवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला प्रशासन के प्रतिनिधि नायब तहसीलदार सदर सुरेश सेमवाल को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नाम एक ज्ञापन सौंपा। सेमवाल ने संगठन के लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांग संबंधी ज्ञापन केंद्रीय गृहमंत्री तक पहुंचा दिया जाएगा।

प्रदेश प्रभारी अरुण कुमार शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि 2011-12 से चला आ रहे बैंक घोटाले में अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक का संचालक मंडल व आरबीआई एडिटर ग्रुप की मिलीभगत व साझेदारी रही है। यही नहीं पुलिस को 2022 से यह घोटाला पता है लेकिन कोई भी कार्रवाई न होना साबित करता है कि इस घोटाले में सभी बराबर के जिम्मेदार हैं।
शर्मा ने कहा कि बैंक का संचालक मंडल किसानों व मजदूरों की शेयर मनी हड़प गए। उन्होंने जिला शासन से मांग की कि किसान व मजदूरों की समस्या का समाधान निकाले अन्यथा संगठन हर संघर्ष करने पर बाध्य होगा।
—————–
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल
