-कलेक्टर ने खाद्य विभाग और गैस एजेंसी संचालकों की ली बैठक

धमतरी, 13 मार्च (हि.स.)। जिले में घरेलू गैस की उपलब्धता और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने शुक्रवार को खाद्य विभाग के अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों की बैठक लेकर व्यवस्था की समीक्षा की। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर सख्ती बरतने तथा आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि घरेलू गैस के उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी गैस एजेंसियां शासन के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करें और यह सुनिश्चित करें कि घरेलू सिलेंडरों की रिफिलिंग किसी भी स्थिति में प्रभावित न हो। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए खाद्य विभाग के अधिकारियों को टीम गठित कर गैस गोदामों का नियमित निरीक्षण करने और आपूर्ति व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में खाद्य अधिकारी बीके कोर्राम ने जानकारी दी कि ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को पिछली रिफिलिंग के 45 दिन बाद अगली रिफिलिंग के लिए मोबाइल ओटीपी के माध्यम से बुकिंग की सुविधा दी जा रही है। वहीं शहरी क्षेत्रों में दो रिफिलिंग के बीच 25 दिन का अंतराल रखा गया है। उन्होंने बताया कि सभी उपभोक्ताओं को ई-केवायसी कराने के लिए गैस कार्ड, आधार कार्ड और मोबाइल के साथ संबंधित गैस एजेंसी में उपस्थित होने कहा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पिछले दो दिनों से घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए होटलों और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में जांच अभियान चलाया जा रहा है। अब तक चार प्रकरण दर्ज कर आठ घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं और नियमानुसार कार्रवाई की गई है। खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और नियमित आपूर्ति जारी है। इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में खाद्य विभाग के अधिकारी, विभिन्न गैस कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधक और स्थानीय गैस एजेंसी संचालक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
