कुचबिहार, 30 मार्च (हि. स.)। जिले में सोमवार को बड़ा राजनीतिक बवाल देखने को मिला। कुचबिहार के घुघुमारी स्थित तोर्षा ब्रिज पर तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।

बताया जा रहा है कि अभिनेता और तृणमूल नेता देव के रोड शो से पहले यह घटना हुई। एसआईआर में नाम हटाए जाने के विरोध में स्थानीय लोगों ने सुबह से ही पुल पर रास्ता जाम कर रखा था।
इसी बीच भाजपा उम्मीदवार रथींद्रनाथ बसु की गाड़ी मौके पर पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काले झंडे दिखाए। भाजपा का आरोप है कि यह अवरोध तृणमूल के समर्थन से कराया गया था।
कुछ ही देर बाद तृणमूल नेता अभिजीत दे भौमिक देव के काफिले के साथ वहां पहुंचे। दोनों पक्ष आमने-सामने आते ही हालात बेकाबू हो गए और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और तीखी बहस शुरू हो गई।
तृणमूल का दावा है कि भाजपा ने जानबूझकर पुल के बीच में गाड़ी खड़ी कर रोड शो रोकने की कोशिश की, जबकि भाजपा ने आरोप लगाया कि तृणमूल ने साजिश के तहत यह अवरोध कराया।
लंबे समय तक चले इस विवाद के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
