
बरेली, 11 अप्रैल (हि.स.) । जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर शनिवार को कुतुबखाना स्थित खोया मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औचक छापा मारा। कार्रवाई शुरू होते ही मंडी में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बन गई। टीम ने कई दुकानों पर पहुंचकर खोया और पनीर की गुणवत्ता की जांच की तथा संदिग्ध पाए जाने पर नमूने एकत्र किए।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में पहुंची टीम ने एक-एक दुकान पर जाकर जांच पड़ताल की। छापेमारी की सूचना मिलते ही कुछ दुकानदार सामान समेटते नजर आए, जबकि कई ने अपनी सफाई देने की कोशिश की। अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए मानकों के अनुरूप जांच की प्रक्रिया पूरी की।
कार्रवाई के दौरान रौनक ट्रेडर्स से खोया और पनीर दोनों के नमूने लिए गए। इसके अलावा भगवान दास खोया सेंटर, अफसर आलम और यूनुस अली के प्रतिष्ठानों से भी खोया के सैंपल भरे गए। टीम की मौजूदगी से पूरी मंडी में सन्नाटा छा गया और अन्य दुकानदार भी सतर्क हो गए।
अभियान के तहत कुल पांच नमूने एकत्र किए गए हैं, जिनमें चार खोया और एक पनीर का नमूना शामिल है। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, झांसी भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उत्पाद मानकों के अनुरूप हैं या नहीं।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
