दक्षिण दिनाजपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। विधानसभा चुनाव से पहले कुमारगंज में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के रोड शो को लेकर सियासी माहौल गरमा गया। भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु सरकार के समर्थन में आयोजित इस रोड शो पर तृणमूल कांग्रेस ने इसे ‘फ्लॉप शो’ करार दिया, जबकि भाजपा ने भीड़ कम होने की वजह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को बताया।

बुधवार दोपहर राजनाथ सिंह हेलीकॉप्टर से कुमारगंज पहुंचे और नाककाटी से बस स्टैंड होते हुए पेट्रोल पंप तक खुले वाहन में रोड शो किया। भाजपा का दावा है कि सुरक्षा कारणों से कई जगहों पर यातायात रोका गया, जिससे कई समर्थक कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके।
रोड शो के दौरान राजनाथ सिंह ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए शिक्षक भर्ती घोटाले का जिक्र किया और कहा कि योग्य उम्मीदवारों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सत्ता में आने पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू करेगी।
कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख दिखाते हुए उन्होंने कहा कि अगर कोई गड़बड़ी करेगा तो “बुलडोजर से जवाब दिया जाएगा।”
उन्होंने सीमावर्ती इलाकों में फेंसिंग न होने को लेकर चिंता जताई और राज्य सरकार पर सहयोग न करने का आरोप लगाया। वहीं, चुनाव से पहले इस कार्यक्रम ने इलाके की सियासत को और गर्मा दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
