पश्चिमी सिंहभूम, 17 अप्रैल (हि.स.)। कोल्हान विश्वविद्यालय में प्राचार्यों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के स्थानांतरण के विरोध में छात्रों और विभिन्न संगठनों का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू हो गया है।

शुक्रवार को कोल्हान छात्र संघर्ष समिति के बैनर तले टाटा कॉलेज परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्रित हुए।
हाल ही में कुलपति अंजिला गुप्ता की ओर से विश्वविद्यालय अंतर्गत अंगीभूत कॉलेजों में प्राचार्य, प्रभारी प्राचार्य और कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है। टाटा कॉलेज के निवर्तमान प्राचार्य सुरेश चंद्र दास के स्थानांतरण को लेकर छात्रों और छात्र नेताओं में असंतोष देखा जा रहा है।
टाटा कॉलेज के बास्केटबॉल कोर्ट के पास आयोजित सभा में झारखंड पुनरुत्थान अभियान के केंद्रीय महासचिव अमृत माझी ने कुलाधिपति सह राज्यपाल के नाम सात सूत्री मांगपत्र कोल्हान आयुक्त के माध्यम से भेजा और उसे छात्रों के बीच पढ़कर सुनाया। इसके बाद छात्र रैली की शक्ल में टाटा कॉलेज से कोल्हान विश्वविद्यालय मुख्य गेट पहुंचे।
मुख्य गेट बंद रहने से छात्रों में नाराजगी बढ़ गई। बाद में गेट खोलने के बाद छात्र-छात्राएं कुलपति कार्यालय के नीचे धरना पर बैठ गए। धरना की अध्यक्षता छात्र नेता सनातन पिंगुवा ने की, जबकि संयोजन प्रकाश पूर्ति ने किया।
धरना कार्यक्रम में छात्र नेता मंजीत हंसदा, पिपुन बारिक, अनुज पूर्ति, अरिल सिंकु, पूर्व छात्र नेता सुरेश सवैंया और गैर-राजनीतिक सामाजिक संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष सन्नी सिंकु ने संबोधित किया।
धरना के बाद अमृत माझी और जिला संगठन सचिव शैली शैलेंद्र सिंकु ने कुलपति के नाम मांगपत्र रजिस्ट्रार को सौंपा। वहीं छात्र नेताओं ने भी अलग से अपनी मांगें रखीं।
छात्रों ने बताया कि सुरेश कुमार दास के स्थान पर डॉ अमर सिंह को प्राचार्य बनाया गया है, जिनकी सेवानिवृत्ति में मात्र छह माह का समय शेष है। छात्रों का कहना है कि कॉलेज के विकास के लिए लंबे समय तक कार्य करने वाले प्राचार्य की नियुक्ति होनी चाहिए।
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि डॉ अमर सिंह के पूर्व कार्यकाल के दौरान कोऑपरेटिव कॉलेज में कई बार छात्रों को आंदोलन करना पड़ा था। ऐसे में उनके स्थानांतरण को लेकर छात्रों में नाराजगी है।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस सचिव अशरफुल होदा, बासिल हेंब्रम, अलबिन एक्का, नारायण पूर्ति, विशाल गुड़िया, जनरल हॉस्टल के प्रीफेक्ट मधुसूदन तिरिया, आदिवासी हॉस्टल के प्रीफेक्ट शिवलाल पूर्ति, पूर्व प्रीफेक्ट मोटाय कोंडाकेल, प्रीतम बंकिरा सहित विभिन्न सामाजिक और छात्र संगठनों के प्रतिनिधि तथा सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद थेे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
