आसनसोल, 04 अप्रैल (हि.स.)।

पश्चिम बर्दवान जिले के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल के बीच तृणमूल कांग्रेस की ओर से जोरदार प्रचार अभियान देखने को मिला। इस दौरान प्रसिद्ध अभिनेत्री और तृणमूल नेता रचना बंद्योपाध्याय ने रोड शो कर पार्टी उम्मीदवार अभिजीत घटक के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की।
रोड शो के दौरान रचना बंद्योपाध्याय सड़क किनारे खड़े आम लोगों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन करती नजर आईं। उन्होंने लोगों को संबोधित भी किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां मौजूद रहे। कई लोग अपने मोबाइल फोन से उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाते दिखाई दिए, जिससे कार्यक्रम में लोगों की उत्सुकता और भागीदारी साफ नजर आई।
रचना बंद्योपाध्याय ने कुल्टी के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अभिजीत घटक को वोट देकर विजयी बनाएं, ताकि क्षेत्र में विकास की गति को आगे बढ़ाया जा सके।
वहीं, इस मौके पर अभिजीत घटक ने कहा कि आज जिस तरह से आम लोगों की भीड़ उमड़ी है, उससे साफ झलकता है कि कुल्टी के लोगों का भरोसा और समर्थन उनके साथ है। उन्होंने कहा कि जनता की यह सकारात्मक प्रतिक्रिया आने वाले समय की दिशा को स्पष्ट कर रही है।
अभिजीत घटक ने आगे कहा कि कुल्टी की जनता अब बदलाव चाहती है और तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व में विकास और स्थिरता की उम्मीद कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में उन्हें जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
