कूचबिहार, 12 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में पारिवारिक विवाद के बीच एक सरकारी अस्पताल के नर्स की जलने से मौत हो गई। घटना बुधवार रात की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि महिला के पति ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार मृत महिला की पहचान 35 वर्षीय छंदा राय के रूप में हुई है। वह कूचबिहार के एमजेएम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थीं। छंदा कूचबिहार शहर के बक्सीबाड़ी इलाके में किराए के मकान में रहती थीं। उनके पति रंजीत राय सिलीगुड़ी में वाहन चालक के रूप में काम करते हैं और बीच-बीच में पत्नी से मिलने आते थे। दंपति की एक बेटी है, जो कालिम्पोंग के एक स्कूल में पढ़ती है।
बताया गया है कि हाल के दिनों में पति-पत्नी के बीच कई मुद्दों को लेकर विवाद चल रहा था और मामला एक बार थाने तक भी पहुंचा था, हालांकि छंदा ने पति के खिलाफ कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार शाम छंदा अस्पताल से लौटकर घर आई थीं। कुछ देर बाद उसका पति भी वहां पहुंचा। रात में दोनों के बीच जोरदार बहस और चीख-पुकार सुनाई दी। इसके बाद घर के अंदर आग लगने की घटना सामने आई।
एक महिला प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उन्होंने एक व्यक्ति को घर से भागते हुए देखा, जिसके शरीर में भी आग लगी हुई थी और वह कपड़े उतारकर वहां से भाग गया।
उधर, घर के सामने गेट के पास छंदा राय गंभीर रूप से झुलसी हुई अवस्था में पड़ी मिलीं। उन्हें बचाया नहीं जा सका। वहीं घायल रंजीत भी घटनास्थल से ज्यादा दूर नहीं जा सके और उन्हें भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद के अलावा अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
