हरिद्वार, 02 फ़रवरी (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने संसद में पेश किए गए केंद्र सरकार के बजट को खोखला और दिशाहीन करार देते हुए कहा कि बजट में उत्तराखंड को कुछ नहीं मिला है। बजट में किसानों, मजदूरों, बेरोजगारों के लिए भी कुछ नहीं है।

प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि बजट में आम लोगों को राहत देने के लिए कुछ नहीं है। आयात निर्यात में भारी अंतर, डालर के मुकाबले रूपए की गिरती कीमत, एफडीआई में कमी जैसे तमाम तथ्यों की अनदेखी की गयी है। पिछले 12 वर्षो में यह केंद्र सरकार का सबसे खोखला बजट है। इससे बेरोजगारी, महंगाई बढ़ेगी, रूपया कमजोर होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। जनता का ध्यान भटकाने के लिए विवादित मुद्दों को हवा दी जा रही है। कोटद्वार में बुजुर्ग के साथ अन्याय का विरोध करने वाले युवक पर ही एफआईआर दर्ज कर दी गयी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रशासन के इस रवैए का विरोध करती है। इस दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजवीर चौहान, महेश प्रताप राणा, ओपी चौहान, मुरली मनोहर, बीएस तेजियान, तीर्थपाल रवि, लता जोशी, दिव्यांश शर्मा, सोम त्यागी, रवीश भटिजा, समर्थ अग्रवाल, विमला पांडे, राजीव भार्गव, अंजू द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
