कठुआ, 08 फरवरी (हि.स.)। जसरोटा से भाजपा विधायक राजीव जसरोटिया ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी कठुआ कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में एक दूरदर्शी, समावेशी और भविष्य उन्मुख दस्तावेज बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की सोच को मजबूती देता है और देश को अगले 21 वर्षों के विकास रोडमैप पर आगे बढ़ाता है।

राजीव जसरोटिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में देश ने संरचनात्मक आर्थिक बदलाव देखे हैं और यह बजट उसी दीर्घकालिक यात्रा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और उद्योगों के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं। विधायक ने बताया कि बजट में रेलवे, सड़क, सुरंग, बिजली, मैन्युफैक्चरिंग, नवाचार, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष फोकस किया गया है। कैंसर की दवाओं पर शुल्क में राहत, बायोफार्मा को बढ़ावा, स्कूल-कॉलेजों में नई लैब्स और कौशल विकास जैसे कदम आम जनता को सीधा लाभ देंगे।

राजीव जसरोटिया ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लिए यह बजट विशेष रूप से लाभकारी है। उन्होंने बताया कि बजट में बुनियादी ढांचे के विकास, सड़क एवं रेल परियोजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, रोजगार सृजन और पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष फोकस किया गया है। इससे न केवल क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर भी सृजित होंगे। जम्मू-कश्मीर के संदर्भ में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार क्षेत्र के विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ब्लॉक से लेकर यूटी स्तर तक विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष उपदेश अंडोत्रा, जिला प्रवक्ता एडवोकेट शशि पाल, अनिल अंडोत्रा, आशोक जसरोटिया सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में बजट 2027 को विकासोन्मुखी और दूरदर्शी बताते हुए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
