जोधपुर, 03 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत जर्मनी के चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रवाना हुए। वे बर्लिन में आयोजित होने वाली संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन यूएनडब्ल्यूटीओ की पर्यटन मंत्रियों की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक का विषय एम्पावरिंग इमर्जिंग डेस्टिनेशंस : फ्रॉम पोटेंशियल टू परफॉर्मेंस है।

यह बैठक उभरते पर्यटन स्थलों को वैश्विक मंच पर प्रतिस्पर्धी और प्रदर्शनक्षम बनाने की रणनीतियों पर केंद्रित होगी। बैठक में भारत के पर्यटन क्षेत्र में हुए बदलावों, डिजिटल पहलों और सांस्कृतिक विरासत संरक्षण के प्रयासों को भी वैश्विक समुदाय के समक्ष रखा जाएगा।

3 मार्च को शेखावत मेसे बर्लिन में विभिन्न सत्रों और द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। बर्लिन स्थित भारतीय दूतावास में आयोजित ‘इन्क्रेडिबल इंडिया ईवनिंग’ कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां जर्मनी के टूर ऑपरेटरों, निवेशकों और गणमान्य अतिथियों के समक्ष भारत के पर्यटन ब्रांड को प्रोत्साहित किया जाएगा।
4 मार्च को केंद्रीय मंत्री शेखावत बर्लिन से एथेंस (ग्रीस) के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां से वे काहिरा (मिस्र) जाएंगे। काहिरा में 5 मार्च को ग्रैंड इजिप्शियन म्यूजियम और पिरामिड ऑफ गीजा का दौरा करेंगे। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में संभावित साझेदारी पर चर्चा होने की संभावना है।
केंद्रीय मंत्री के इस दौरे को भारत के लिए पर्यटन कूटनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जर्मनी और यूरोप भारत के प्रमुख पर्यटक स्रोत बाजारों में शामिल हैं। ऐसे में, इस मंच पर भारत की भागीदारी न केवल विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने, बल्कि निवेश और सांस्कृतिक सहयोग को भी नई दिशा दे सकती है। 6 मार्च को केंद्रीय मंत्री शेखावत स्वदेश लौटेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
