ऊना, 06 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एचपीआईडीसी) के पूर्व उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. राम कुमार ने शुक्रवार को ऊना में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान केंद्र की मोदी सरकार द्वारा पेश किए गए आम बजट की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत, आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन की दिशा में एक ठोस कदम है।

प्रो. राम कुमार ने कहा कि बजट में मध्यम वर्ग, किसानों, युवाओं और उद्योगों—सभी वर्गों का संतुलित रूप से ध्यान रखा गया है। बुनियादी ढांचे, विनिर्माण, स्टार्टअप्स और एमएसएमई सेक्टर को दी गई प्राथमिकता से देश में निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि कर ढांचे में राहत और पूंजीगत व्यय में वृद्धि से आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि 2014 में जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तब केंद्र सरकार का कुल बजट लगभग 17 लाख करोड़ था जो अब 2026 में भाजपा के नेतृत्व में चल रहे एनडीए की सरकार में बढ़कर 53 लाख करोड़ हो गया है। कांग्रेस के समय में कृषि बजट जो मात्र 27000 करोड़ था भाजपा सरकार के इस बजट में 5 गुना बढ़कर 1 लाख 32000 करोड़ हो गया है। अगर सड़क परिवहन की बात करे तो कांग्रेस सरकार के समय केंद्रीय बजट केवल 35000 करोड़ था जो इस बार मोदी सरकार के द्वारा पेश किए गए बजट में 8 गुणा बढ़कर 2 लाख 70000 करोड़ हो गया है। रेलवे का बजट 2013-14 में केवल 63000 करोड़ था जो अब इस बजट में बढ़कर तीन लाख करोड़ हो गया है जो लगभग कांग्रेस के समय से 5 गुणा ज्यादा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल
