-सरकार ने किया पंचग्राम विकास प्राधिकरण का गठनचंडीगढ़, 08 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि लगभग 135 किलोमीटर लंबा कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस वे एचएसआईआईडीसी की एक अत्यंत महत्वपूर्ण संपत्ति है। वर्ष 2031 की संभावित जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इसके दोनों ओर 5 नए शहर विकसित करने के उद्देश्य से पंचग्राम विकास प्राधिकरण का गठन किया है।

उद्योग मंत्री ने रविवार को चंडीगढ़ में जारी जानकारी में बताया कि ‘विकसित भारत-2047’ के विजऩ में दिल्ली एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की भूमिका अहम है और केएमपी एक्सप्रेस वे इस दिशा में एक मजबूत आधार प्रदान करेगा। इसी अनुरूप हरियाणा सरकार ने अपनी औद्योगिक नीति में आवश्यक संशोधन किए हैं, ताकि निवेश, रोजगार और आधारभूत ढांचे को नई गति मिल सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एचएसआईआईडीसी का दायित्व केवल आय अर्जन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उद्योगपतियों को सुविधाजनक सेवाएं, त्वरित प्रक्रियाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना निगम का मूल उद्देश्य होना चाहिए।
राव नरबीर सिंह ने बताया कि वर्ष 2030 तक औद्योगिक विकास को और तेज करने के लिए 10 नई आईएमटी स्थापित करने की घोषणा की थी, जिनमें से 5 आईएमटी को स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष उद्योग विभाग के बजट में 125 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी और आगामी बजट में इस वृद्धि को और आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि प्रदेश का औद्योगिक विस्तार निरंतर बना रहे।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित 10 में से 3 आईएमटी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में विकसित की जाएंगी, जिनकी धुरी केएमपी एक्सप्रेसवे रहेगा। इसके साथ ही विकसित किए जाने वाले 5 नए शहर ‘विकसित भारत’ के आकर्षण केंद्र बनेंगे और दिल्ली में बढ़ते जनसंख्या दबाव को भी कम करने में सहायक सिद्ध होंगे। उद्योग मंत्री ने कहा कि गुरुग्राम को आईटी हब के रूप में स्थापित कर पहले ही बेंगलुरु और हैदराबाद जैसी वैश्विक पहचान वाले शहरों को चुनौती दे चुका है।
—-
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
