फ्रेश प्लेसमेंट मात्र 1.15 प्रतिशत : आदित्य सुरजेवाला

कैथल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में कैथल के कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम पोर्टल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लाखों युवाओं ने पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया, लेकिन रोजगार के अवसर बेहद सीमित हैं।

आदित्य ने कहा कि युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम द्वारा दिए गए आधिकारिक जवाब के अनुसार, प्रदेश में
कुल रजिस्ट्रेशन (अब तक) 14,63,428 उम्मीदवार है। कुल डिप्लॉयमेंट 1,13,914 उम्मीदवार है और इनमें से 97,051 पुराने (पोर्टेड) उम्मीदवार हैं, जबकि केवल 16,863 नए (फ्रेश) उम्मीदवारों की नई नियुक्ति हुई है।
इस प्रकार कुल पंजीकृत उम्मीदवारों में से फ्रेश प्लेसमेंट की दर लगभग 1.15 प्रतिशत और कुल प्लेसमेंट (पोर्टिंग सहित) लगभग 7.8 प्रतिशत ही है। सुरजेवाला ने कहा कि यह आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि पोर्टल की प्रभावशीलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। विधायक ने हरियाणा संविदा कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 के तहत मासिक आधार पर सेवा सुरक्षा पाने वाले कर्मचारियों की संख्या पूछी। सरकार की ओर से स्पष्ट आंकड़े नहीं दिए गए और जवाब में कहा गया कि यह विषय मानव संसाधन विभाग से संबंधित है।
इसके अलावा विभागवार, जिला-वार और मासिक डिप्लॉयमेंट का पूरा ब्योरा भी उपलब्ध नहीं कराया गया। आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि लाखों युवाओं ने रोजगार की उम्मीद में पंजीकरण कराया, लेकिन सरकार केवल आंकड़ों का खेल खेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कौशल विकास और रोजगार सृजन के दावे जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाते।
उन्होंने मांग की है कि पोर्टल की कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए, जिला-वार और मासिक डाटा सार्वजनिक किया जाए तथा युवाओं व संविदा कर्मचारियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
