कैथल, 11 मार्च (हि.स.)। शहर की एक कॉलोनी से 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। छात्रा अपनी बड़ी बहन के साथ बाजार में चूड़ियां खरीदने गई थी, लेकिन थोड़ी देर में वापस आने की बात कहकर दुकान से बाहर चली गई और फिर घर नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगने पर परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में छात्रा की मां ने बताया कि उसके चार बेटियां और दो बेटे हैं। उसकी सबसे छोटी बेटी कॉलोनी के ही एक स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ती है। वह अपनी बड़ी बहन के साथ बाजार में चूड़ियों की दुकान पर गई थी। इसी दौरान छात्रा ने अपनी बहन से कहा कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएगी और यह कहकर दुकान से बाहर चली गई।
काफी समय तक इंतजार करने के बावजूद जब वह वापस नहीं लौटी तो उसकी बहन ने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन छात्रा का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी गई। परिजनों ने अपने स्तर पर भी छात्रा की तलाश करने का प्रयास किया। रिश्तेदारों और जान-पहचान के लोगों से भी संपर्क किया गया, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिल पाई। परेशान परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द बेटी को तलाश करने की गुहार लगाई है।
शहर थाना के जांच अधिकारी जयभगवान ने बुधवार काे बताया कि छात्रा की मां की शिकायत पर लापता होने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और छात्रा की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
