कैथल, 12 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव खुराना के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव दयोरा से खुराना की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन चोटें ज्यादा होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे को देख रहे राहगीरों ने तुरंत सदर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के रहने वाले खुशीराम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि खुशीराम गांव दयोरा में स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था और रोजाना की तरह अपने काम से आ रहा था। हादसे की खबर मिलते ही उसके परिवार और साथ काम करने वाले मजदूरों में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और दो बेटियां शामिल हैं।
सदर थाना के एसएचओ रमेश चंद्र ने गुरुवार काे बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
