
कैथल, 10 मार्च (हि.स.)। भारत–अमेरिका के बीच संभावित ट्रेड डील के विरोध में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के आह्वान पर पूंडरी में किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। सैकड़ों किसानों ने ट्रैक्टरों के साथ अनाज मंडी से तहसील तक मार्च किया और ट्रेड डील की प्रतियां जलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) की हलका पूंडरी की बैठक अनाज मंडी में जिला अध्यक्ष गुरनाम सिंह फरल की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। बैठक में युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना एडवोकेट विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक का संचालन युवा जिलाध्यक्ष विक्रम दुसैण और हलका अध्यक्ष रणधीर बरसाना ने किया।
बैठक के बाद किसानों ने सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ अनाज मंडी से ट्रैक्टर मार्च शुरू किया, जो ब्रह्मानंद चौक और बस स्टैंड होते हुए तहसील परिसर तक पहुंचा। वहां किसानों ने भारत–अमेरिका ट्रेड डील की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना एडवोकेट ने कहा कि अमेरिका के साथ होने वाली ट्रेड डील देश के किसानों और खेत मजदूरों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी कृषि मंत्री के बयानों से स्पष्ट है कि भारत अमेरिकी कृषि उत्पादों को जीरो कस्टम ड्यूटी पर अपने बाजार में आने देगा। इससे भारतीय किसानों की आजीविका पर गंभीर असर पड़ेगा।
विक्रम कसाना ने बताया कि 23 मार्च को शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहादत दिवस पर कुरुक्षेत्र के पिपली अनाज मंडी में किसान–मजदूर जन क्रांति रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में प्रदेश और देश भर से किसान, मजदूर और सामाजिक संगठन भाग लेंगे तथा आगे के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
जिला अध्यक्ष गुरनाम सिंह फरल ने मांग की कि केंद्र सरकार भारत–अमेरिका फ्री ट्रेड डील को रद्द करे और किसानों की समस्याओं का समाधान करे। इसके अलावा धान खरीद में घोटाले की जांच, मुफ्त शिक्षा, मुफ्त इलाज, बिजली बिल में राहत, किसानों की कर्ज माफी और एमएसपी पर कानून बनाने जैसे मुद्दे भी किसान–मजदूर जन क्रांति रैली में उठाए जाएंगे।
इस मौके पर युवा जिला महासचिव बलिंद्र हजवाना, पिरथी कौल, सतपाल पूंडरी, साहब सिंह वड़ैच, कर्मवीर पूंडरी, शीलू गोलन, सुरेंद्र हजवाना, ओमप्रकाश बरसाना, निर्मल सिंह, रामपाल, लहणा, रोशन बरसाना, बहादुर गोरसी, गुरमुख फरल, परमजीत और स्वर्ण सिंह मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
