कैथल, 07 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में एटीएम फ्रॉड का एक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने मदद के बहाने एक युवक का एटीएम कार्ड बदल लिया। बाद में उसके खाते से दाे लाख 27 हजार 60 रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित कन्हैया लाल मूल रूप से गांव परसावा, जिला अयोध्या (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और वर्तमान में गांव सिलाखेड़ा स्थित औमविश्वा राइस मिल में कार्यरत है। उसने शहर थाना में शिकायत देकर बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से राइस मिल में नौकरी कर रहा है। उसका केनरा बैंक में खाता है, जिसके लिए उसने एटीएम कार्ड बनवा रखा है।
कन्हैया लाल ने बताया कि 24 जनवरी को वह कैथल में ग्यारह रुद्री मंदिर के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गया था। इसी दौरान हेलमेट पहने एक व्यक्ति वहां आया और सहायता करने के बहाने उसका एटीएम कार्ड ले लिया। उसने मशीन में कार्ड डालकर पासवर्ड डलवाया और एक हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद उसने कार्ड वापस कर दिया।
पीड़ित को ठगी का पता तब चला, जब तीन फरवरी को वह बैंक से पैसे निकालने पहुंचा। बैंक कर्मियों ने बताया कि उसके खाते से पहले ही बड़ी रकम निकाली जा चुकी है। जांच करने पर उसे पता चला कि उसका एटीएम कार्ड बदला हुआ है। व्यक्ति ने इसी बदले हुए कार्ड के जरिए खाते से कुल दाे लाख 27 हजार 60 रुपये निकाल लिए।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उसकी रकम वापस दिलाने की मांग की है। शहर थाना के जांच अधिकारी रणदीप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
