कैथल, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव बुढ़ा खेड़ा में तांत्रिक विद्या और जादू-टोना के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। एक महिला और उसके साथियों ने मिलकर एक ही परिवार से करीब एक करोड़ सात लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पीड़ित परिवार को डराकर देवी-देवताओं के नाम पर उनकी बलि चढ़वाने के बहाने खून तक निकलवाया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव बुढ़ा खेड़ा निवासी अमनदीप, मनजीत और रणदीप ने सदर थाना में दी शिकायत में बताया कि उनके पिता स्वर्गीय सुखबीर सिंह पिछले 2-3 साल से सिर दर्द और चक्कर की समस्या से परेशान रहते थे। परिवार में भी लगातार तनाव और अनबन बनी रहती थी। इसी दौरान किसी जानकार ने उन्हें गांव की एक महिला सुमन के बारे में बताया, जो झाड़-फूंक और तांत्रिक क्रियाएं करती है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, सुमन ने उन्हें बताया कि उनके घर पर किसी ने जादू-टोना कर रखा है, जिसे दूर करने के लिए काली माता के लिए बलि देनी होगी और बाबा भैरों नाथ का मंदिर बनवाना पड़ेगा। इसके साथ ही उन्हें बार-बार अपनी चौकी पर बुलाया जाने लगा। डर और परेशानी के चलते परिवार पूरी तरह उसके प्रभाव में आ गया।
आरोप है कि सुमन और उसके साथियों ने परिवार से लगातार पैसे ऐंठे। पीड़ितों ने अपनी जमीन बेच दी और बैंक की एफडी तक तुड़वा दी। इस दौरान उन्होंने करीब 76 लाख रुपये नकद और लगभग सात लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके अलावा आरोपियों ने 32 तोले चांदी और छह तोले सोने के आभूषण भी ले लिए। पीड़ितों का आरोप है कि सुमन उन्हें चामुंडा देवी धाम भी लेकर गई, जहां इंजेक्शन के जरिए उनका खून निकाला गया और मंदिर में चढ़ाया गया। आरोपियों ने दावा किया कि मंदिर के लिए जमीन खरीदी जा चुकी है और मंदिर बनने पर उन्हें सोने का छत्र चढ़ाना होगा। जब परिवार ने और पैसे देने से इनकार किया और हिसाब मांगा, तो आरोपियों की सच्चाई सामने आने लगी। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि मंदिर बनाने की बात झूठी थी और उनके पैसों से आरोपी महिला ने जमीन खरीदी और नया ट्रैक्टर भी ले लिया।
सैकड़ों लोगों को बना चुके हैं शिकार
ग्रामीणों के अनुसार, सुमन अपने पति बलराज, बेटे वंश और एक अन्य आरोपी संजीव (उचाना निवासी) के साथ मिलकर लंबे समय से इस तरह की ठगी कर रही है। ये लोग दुखी और बीमार लोगों को जादू-टोना का डर दिखाकर फंसाते हैं और फिर झाड़-फूंक, तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर उनसे पैसे और जेवर ठग लेते हैं। आरोप है कि अब तक 100-150 लोगों से तीन से चार करोड़ रुपये की ठगी की जा चुकी है। सदर थाना के जांच अधिकारी मनु ने बताया कि शिकायत के आधार पर महिला सहित चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
