कैथल, 10 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के विद्यालयों में सत्र 2026-27 से कक्षा चार और पांच के विद्यार्थियों के लिए नई हिंदी पाठ्यपुस्तक ‘वीणा’ लागू की जाएगी। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) गुरुग्राम के निर्देशानुसार एनसीईआरटी, नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित ‘वीणा’ पुस्तक को प्रदेशभर के स्कूलों में लागू करने का निर्णय लिया गया है।

यह जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार ने शुक्रवार काे बताया कि इस नई पाठ्यपुस्तक के माध्यम से विद्यार्थी खेल-खेल में हिंदी भाषा सीख सकेंगे। पुस्तक में गतिविधि-आधारित शिक्षण पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे बच्चों में सीखने के प्रति रुचि बढ़ेगी। ‘वीणा’ पुस्तक को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इसमें विषयवस्तु को सरल, रोचक एवं छात्र-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
आरोही स्कूल ग्योंग, जिला कैथल के हिंदी प्राध्यापक डॉ. विजय चावला ने जिला शिक्षा अधिकारी से भेंट कर इस पाठ्यपुस्तक के निर्माण और विशेषताओं की जानकारी साझा की। इस दौरान उन्होंने बताया कि वे हरियाणा से एकमात्र सदस्य थे, जिन्होंने एनसीईआरटी की इस पाठ्यपुस्तक निर्माण समिति में सक्रिय भूमिका निभाई। डॉ. चावला द्वारा तैयार की गई नवाचारी खेल-आधारित गतिविधियों को भी पुस्तक में शामिल किया गया है, जो विद्यार्थियों के सीखने को अधिक प्रभावी और रोचक बनाएंगी।
जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार ने डॉ. विजय चावला के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण और विषय के प्रति गहरी समझ इस पुस्तक की गुणवत्ता में साफ दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि यह पूरे कैथल जिले और हरियाणा के लिए गर्व की बात है कि यहां के शिक्षक राष्ट्रीय स्तर की पाठ्यपुस्तक निर्माण में योगदान दे रहे हैं। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार ने कहा कि ‘वीणा’ पाठ्यपुस्तक के लागू होने से विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि बढ़ेगी और उनके सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर डाइट कैथल से चंद्रकिशोर राय, अधीक्षक सुरेश कुमार, प्रवीण थरेजा, निर्मल सिंह और संदीप सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
