भागलपुर, 14 मार्च (हि.स.)। जिले के नाथनगर स्थित बुनियाद केंद्र में शनिवार को कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया। समाज कल्याण विभाग के सचिव सह कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष समक्ष के समाज कल्याण विभाग के सभागार से ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस सेवा की शुरुआत की गई। इस अवसर पर सीएससी के जिला समन्वयक (डीसी) नाहिद अख्तर, जिला प्रबंधक तनवीर तथा सीएससी वीएलई अभय शर्मा मौजूद रहे। बुनियाद केंद्र में कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से समाज कल्याण विभाग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सेवाएं अब ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें मुख्यमंत्री वृद्धा पेंशन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, बैटरी चालित वाहन के लिए ऑनलाइन आवेदन, सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग के लिए आवेदन, यूडीआईडी कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन तथा आधार से संबंधित विभिन्न सेवाएं शामिल हैं। सीएससी संचालक अभय शर्मा ने बताया कि बुनियाद केंद्र से संबंधित जो भी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, वे लाभुकों को निःशुल्क (फ्री ऑफ कॉस्ट) प्रदान की जाएंगी इससे जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में काफी सुविधा होगी।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
