अनूपपुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)।मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा में पुलिस ने सरकारी योजनाओं के नाम पर ग्रामीणों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह ग्रामीणों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाता और फिर उन्हीं खातों से अवैध लेनदेन व साइबर ठगी को अंजाम देता था। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला के अनुसार, गिरोह के सदस्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देते थे। वे ग्रामीणों के नाम पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में खाते खुलवाते, सिम कार्ड जारी करवाते और पासबुक, एटीएम कार्ड तथा सिम अपने कब्जे में रख लेते थे। इस तरह खातों का पूरा नियंत्रण गिरोह के पास रहता था। बाद में इन्हीं खातों का उपयोग संदिग्ध लेनदेन और साइबर अपराध के लिए किया जाता था।

कियोस्क सेंटर बना ठगी का केंद्रपूछताछ में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन ग्राम बिजौड़ी स्थित एक कियोस्क सेंटर से किया जा रहा था। यहीं से खातों का संचालन और लेनदेन की गतिविधियां नियंत्रित की जाती थीं। पुलिस को आशंका है कि बैंक के कुछ कर्मचारियों की भी इस मामले में संलिप्तता हो सकती है। इस एंगल से भी जांच जारी है।
पुलिस ने बादल सोनी, टिंकल जिवनानी और आशीष सोनी (सभी निवासी कोतमा) को गिरफ्तार किया है। वहीं शैलेंद्र पांडेय और विजय कश्यप फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपियों के पास से अलग-अलग बैंकों के 19 एटीएम कार्ड और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
लेनदेन की जांच, और खुलासों की संभावनापुलिस ने बैंक प्रबंधन से इन एटीएम कार्ड्स के माध्यम से हुए सभी लेनदेन का विस्तृत ब्यौरा मांगा है। साथ ही कियोस्क सेंटर की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में 10 से अधिक अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई गई है, जिससे आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे किसी भी योजना का लाभ लेने के लिए अपने दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति को न सौंपें। बैंकिंग संबंधित कार्य स्वयं या अधिकृत संस्थानों के माध्यम से ही करें। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला
