मंदसौर, 02 फ़रवरी (हि.स.)। मादक पदार्थो की तस्करी के मामले में मध्य प्रदेश के मंदसौर और पड़ोसी प्रतापगढ़ का कनेक्शन लगातार सामने आ रहा है। ड्रग्स फैक्टरी जैसी बड़ी कार्रवाई में मंदसौर का कनेक्शन प्रतापगढ़ से सामने आ चुका है। इसके अलावा छोटी मोटी कार्रवाई लगातार जारी है। जिसमें मादक पदार्थो की तस्करी के तार एक दूसरे जिले से जुड़े होना पाए गए है। एक बार फिर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई ने इस पर मुहर लगा दी है। जिसमें प्रतापगढ़ के कुख्यात तस्कर गुलशेर खान पठान को डेढ़ करोड़ की एमडी के साथ कोतवाली पुलिस ने पकड़ा है। वहीं एक और आरोपी को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेन्द्रसिंह राठौर ने बताया कि पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक कीमत की एमडी ड्रग्स के साथ दो कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक प्रतापगढ़ (राजस्थान) का कुख्यात बदमाश गुलशेर लाला उर्फ गुलशेर खान पठान है, जबकि दूसरा आरोपी नंदकिशोर उर्फ नंदू पाटीदार हत्या के मामले में पैरोल से फरार चल रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रतापगढ़ निवासी गुलशेर खान पठान एमडी ड्रग्स की सप्लाई के लिए मंदसौर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और गुलशेर को उसके साथी नंदकिशोर उर्फ नंदू के साथ पकड़ा।तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 500 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपियों से अवैध डोडाचूरा, दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। कुल जब्ती की कीमत करीब 1.51 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पूरी चेन की तलाश मे पुलिस
श्री राठौर ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में नशे के बड़े नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि एमडी ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन जगहों पर सप्लाई किया जाना था। गिरफ्तार आरोपी नंदकिशोर उर्फ नंदू पाटीदार वर्ष 2022 में थाना भावगढ़, जिला मंदसौर में दर्ज हत्या के मामले (धारा 302, 201 भादवि) में आरोपी है। रेखा नायक की हत्या के मामले में वह वर्ष 2024 से पैरोल पर बाहर आने के बाद फरार चल रहा था, जिसे अब पुलिस ने दबोच लिया है। इसके अलावा अन्य अपराधिक मामले भी इस पर दर्ज है। वहीं गुलशेर खान पठान पर भी कई अपराधिक मामले दर्ज है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया
