कोरबा, 05 अप्रैल (हि. स.)। बदलती जीवनशैली, बढ़ते तनाव और सामाजिक दबाव के बीच मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। अवसाद, चिंता, अनिद्रा और नशे की लत जैसी समस्याएं अब हर आयु वर्ग को प्रभावित कर रही हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, प्रत्येक 8 में से एक व्यक्ति किसी न किसी मानसिक समस्या से जूझ रहा है, लेकिन समय पर उचित उपचार सभी को उपलब्ध नहीं हो पाता।

इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए न्यू कोरबा हॉस्पिटल में वरिष्ठ न्यूरो-मनोचिकित्सक डॉ. रजनी वर्मा के नेतृत्व में आधुनिक एवं समग्र मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। यहां मरीजों की स्थिति का गहन मूल्यांकन कर उनके लिए व्यक्तिगत उपचार योजना तैयार की जाती है, जिसमें काउंसलिंग, साइकोथेरेपी तथा आवश्यकता अनुसार औषधीय उपचार शामिल हैं।
अस्पताल में अवसाद, एंग्जायटी, अनिद्रा, तनाव तथा व्यवहार संबंधी विकारों का प्रभावी उपचार किया जा रहा है। साथ ही, बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को देखते हुए विशेष नशा मुक्ति सेवाएं भी प्रारंभ की गई हैं। इन सेवाओं के अंतर्गत शराब, तंबाकू, निकोटिन एवं अन्य मादक पदार्थों की लत से ग्रसित मरीजों का वैज्ञानिक पद्धति से इलाज किया जाता है।
डिटॉक्सिफिकेशन, बिहेवियर थेरेपी, काउंसलिंग तथा रिलैप्स प्रिवेंशन जैसी सुविधाएं मरीजों को सुरक्षित एवं स्थायी रूप से नशा मुक्त बनाने में सहायक सिद्ध हो रही हैं। डॉ. रजनी वर्मा द्वारा अब तक 200 से अधिक मरीजों का सफल उपचार किया जा चुका है, जो उनकी विशेषज्ञता और समर्पण को दर्शाता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं और नशे की लत को नजरअंदाज करना गंभीर परिणाम दे सकता है, जबकि समय पर उपचार से व्यक्ति सामान्य जीवन में शीघ्र वापसी कर सकता है। न्यू कोरबा हॉस्पिटल की यह सेवाएं कोरबा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए राहत और उम्मीद का केंद्र बनकर उभर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
