कोरबा, 10 फरवरी (हि. स.)। सेक्टर-5 बालको स्थित सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर परिसर में श्रीराम लला सरकार के प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भक्ति भाव से कथा का श्रवण किया। पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और इसके पश्चात श्रीराम कथा का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। आयोजन में भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कथा के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण रसास्वादन किया।

कथा वाचन के दौरान आचार्य द्वारा श्रीराम और भरत मिलन प्रसंग का अत्यंत मार्मिक और भावनात्मक वर्णन प्रस्तुत किया गया। इस प्रसंग को सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा के बीच-बीच में जयघोष और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार अखंड नवधा रामायण, श्रीराम कथा, श्रीमद् भागवत कथा और शिव कथा जैसे धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों के बीच एकता, सद्भाव और भ्रातृत्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सामाजिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
