कोरबा, 07 फरवरी (हि. स.)। जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दादर खुर्द मार्ग पर शुक्रवार रात एक सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने खिड़की की रॉड तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे करीब 5 लाख रुपए कीमत के सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के समय घर के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे।

जानकारी के अनुसार यह मकान एसईसीएल कर्मी नवनीत नाथ का है, जिसमें एसबीआई बैंक के चीफ मैनेजर राजू मोदी अपने परिवार के साथ किराए पर निवास करते हैं। शुक्रवार सुबह राजू मोदी अपने परिवार के साथ रायपुर गए थे और देर रात लगभग 1 बजे वापस लौटे। घर का ताला खोलकर अंदर प्रवेश करते ही उन्होंने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और बेडरूम की खिड़की की रॉड टूटी हुई थी, जिससे चोरी होने की आशंका हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही राजू मोदी ने तत्काल डायल 112 और मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पीड़ित राजू मोदी के अनुसार चोरों ने घर में रखे करीब 20 हजार रुपए नकद और लैपटॉप जैसे महंगे सामान को हाथ तक नहीं लगाया, लेकिन अलमारी तोड़कर उसमें रखे चार सोने की चेन, लॉकेट, अंगूठी और टॉप सहित करीब 5 लाख रुपए के सोने के जेवरात चोरी कर ले गए।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी मौके पर बुलाया। डॉग स्क्वायड के डॉग ‘बाघा’ ने घटनास्थल से चोरों का सुराग पकड़ते हुए करीब 1 किलोमीटर दूर पोड़ी बहार मैदान तक पहुंचकर संकेत दिया, जहां एक खाली शराब की बोतल मिली है। पुलिस इस सुराग के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
