डिंगापुर-रामपुर क्षेत्र की घटना; मोहल्लेवासियों की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कोरबा, 25 जनवरी (हि. स.)। जिला पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के विरुद्ध एक निर्णायक कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना अंतर्गत डिंगापुर और रामपुर के बीच स्थित एक बस्ती में लंबे समय से संचालित सेक्स रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। शनिवार देर रात इस छापेमारी में पुलिस ने मकान मालकिन सहित 3 युवकों और 5 युवतियों को संदिग्ध अवस्था में हिरासत में लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त मकान में काफी समय से युवक-युवतियों का संदिग्ध जमावड़ा लगा रहता था। स्थानीय निवासियों ने कई बार इस पर आपत्ति जताई, लेकिन मकान मालकिन सुरती पटेल द्वारा उन्हें डराने-धमकाने और गाली-गलौज करने की शिकायतें मिल रही थीं। इलाके के दूषित होते माहौल और बच्चों पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव से क्षुब्ध होकर वार्डवासियों ने शुक्रवार को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत की सत्यता जांचने के बाद शनिवार को पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मकान पर दबिश दी। छापे के दौरान वहां मौजूद युवक-युवतियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपिताें ईश्वर कुमार (निवासी: हरदी बाजार), नील कुमार यादव (निवासी: हरदी बाजार), राज दास महंत (निवासी: बैगिनडबार), सुरती पटेल (मकान मालकिन), इनके साथ ही चार अन्य युवतियों को भी हिरासत में लिया गया है।
कार्रवाई के दौरान वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद अजय गोड के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी सिविल लाइन थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि इन अनैतिक गतिविधियों के कारण पूरे क्षेत्र की शांति भंग हो चुकी थी। पार्षद एवं नागरिकों ने सभी दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
एएसपी (कोरबा) लखन पटले ने बताया कि मोहल्लेवासियों की शिकायत पर पुलिस टीम ने रेड की कार्रवाई की है। सभी आरोपिताें को गिरफ्तार कर वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें रविवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
