बाराबंकी, 08 फ़रवरी (हि.स.)। कोर्ट परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हत्यारोपी कैदी के बारे में अभी तक कोई सुराग नहीं है। देर रात एडिशनल एसपी विकास त्रिपाठी ने इसकी जानकारी दी। ज्ञात हो कि शनिवार दोपहर हत्या के मामले में आरोपी कैदी कोर्ट रूम से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। जिसकी तलाश में पुलिस अधीक्षक ने कई टीमें लगाई है।लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लगा। वर्ष 2016 में अपने सगे चाचा की लाठी डंडों से पीट कर हत्या के मामले में सूरज के खिलाफ परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कोर्ट ने सगे चाचा की हत्या मामले में दोषी करार दिया था। इसी मामले में आज फैसला होना था। सजा का औपचारिक ऐलान होना बाकी था। सूरज कुमार कोर्ट रूम में पुलिसकर्मियों के पास मौजूद था। इसी दौरान सूरज पुलिस कर्मियों का ध्यान भटकने पर उठकर खड़ा हुआ और धीरे-धीरे दूर हटने लगा। पुलिस कर्मियों की नजर से बचते हुए कोर्ट रूम से बाहर निकल कर फरार हो गया।

शनिवार शाम 4:15 बजे कोर्ट की कार्रवाई चल रही थी। एडीजे राकेश कुमार की कोर्ट नंबर दो में सूरज कुमार को सजा सुनाई जानी थी तभी पुलिसकर्मियों की नजर पड़ी तो देखा कि आरोपी गायब है। कोर्ट परिसर में उसकी तलाश की गई। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। तब पुलिसकर्मियों ने अपने उच्च अधिकारियों को जानकारी दी।आनन फानन में पुलिसकर्मियों द्वारा पूरे कोर्ट परिसर को घेर लिया गया। लेकिन फिर भी हत्यारोपी कैदी का पता नहीं चला। पुलिस अधीक्षक ने कई टीमें बनाकर भागे हुए कैदी की तलाश के आदेश दिए हैं। सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं। एडिशनल एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि सूरज कुमार को अन्य कैदियों के साथ कोर्ट नंबर दो में मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया था। इस दौरान सूरज ने पुलिस वालों की नजरों से बचकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है, जल्दी पकड़ा जाएगा।

वहीं वकील रणधीर सिंह का कहना है कि ट्रायल चल रहा था। दोषी को पेशी पर लाया गया था। ए डीजे कोर्ट ने आर्डर तैयार कर लिया था। सिर्फ सजा का ऐलान होना था। इससे पहले कैदी भाग निकला।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी
