कोलकाता, 16 मार्च (हि.स.)। कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। अलीपुर मौसम विभाग ने बताया है कि कुछ जिलों में तेज आंधी चल सकती है, जिसकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हालांकि किसी भी इलाके में भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बंगाल के जिलों में भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है, जबकि दक्षिण बंगाल के कई जिलों में कालबैशाखी जैसी स्थिति बन सकती है। साथ ही दक्षिण बंगाल के लिए ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है।
कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में भी छिटपुट रूप से आंधी और बारिश होने के आसार हैं। सोमवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि कोलकाता में सोमवार की शाम या देर शाम के समय बारिश हो सकती है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
