सुपौल, 03 मार्च (हि.स.)। वीरपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर–भीमनगर मुख्य मार्ग पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में कोसी उपचार केंद्र के संचालक बिनोद मेहता की मौके पर ही मौत हो गई। बिनोद मेहता रतनपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर वार्ड संख्या 10 के रहने वाले थे।

बताया जा रहा है कि वे अपनी पत्नी और बच्चे को भगवानपुर स्थित घर छोड़कर वापस वीरपुर स्थित अपने उपचार केंद्र लौट रहे थे। इसी दौरान वीरपुर दिघी पुल के पास एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल वीरपुर पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक नीरज कुमार सिंह, वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार एवं एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
घटना से आक्रोशित लोगों ने एम्बुलेंस को वापस घटनास्थल पर लाकर वीरपुर–भीमनगर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया है।
एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है तथा परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
