कोहिमा, 07 फरवरी (हि.स.)। कोहिमा पुलिस ने डज़ुको वैली क्षेत्र के पास त्रिपुरा के एक लापता युवक का शव बरामद होने की पुष्टि की है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय प्रणब दास के रूप में हुई, जो पश्चिम त्रिपुरा जिले का निवासी था।

पुलिस के अनुसार प्रणब दास 2 जनवरी को कोहिमा पहुंचा था और लरी कॉलोनी स्थित एक होमस्टे में ठहरा था। वह 4 जनवरी की सुबह वहां से निकलने के बाद लापता हो गया। परिजनों ने 6 जनवरी को दक्षिण थाना, कोहिमा में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि युवक ने उसी दिन विस्वेमा प्रवेश द्वार से डज़ुको वैली जाने का टिकट बुक किया था। पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए और कॉल डिटेल, बैंक लेनदेन तथा सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की। युवक की तलाश के लिए पुलिस, जिला प्रशासन, एनएसडीएमए और साउदर्न अंगामी यूथ ऑर्गेनाइजेशन के सहयोग से कई खोज अभियान चलाए गए।
6 फरवरी को डज़ुको वैली हेलिपैड के नीचे नदी किनारे एक शव होने की सूचना मिली। शनिवार सुबह संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया, जिसकी पहचान मौके से मिले दस्तावेजों और सामान के आधार पर प्रणब दास के रूप में की गई।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। शव को पुलिस स्टेशन के शवगृह में रखा गया है और परिजनों के कोहिमा पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
——————-
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
