प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिलेगी खेलवृत्ति

खेल वृद्धि वर्ष 2025-26 के लिए आवेदन आमंत्रित, अंतिम तिथि 16 फरवरी

धमतरी, 06 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के उभरते एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रतिभा खोज कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। योजना के तहत खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को खेलवृत्ति प्रदान की जाएगी।
संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, छत्तीसगढ़ द्वारा प्रत्येक वित्तीय वर्ष में आयोजित प्रतिभा खोज कार्यक्रम के अंतर्गत पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को खेलवृत्ति का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड एवं नेशनल गेम्स में शामिल खेलों की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं (सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग) में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी भी इस योजना के अंतर्गत पात्र होंगे।
खेलवृत्ति की राशि इस प्रकार निर्धारित की गई है।
सीनियर वर्ग
प्रथम स्थान – 75,000 रुपये
द्वितीय स्थान – 50,000 रुपये
तृतीय स्थान – 40,000 रुपये
जूनियर वर्ग
प्रथम स्थान – 60,000 रुपये
द्वितीय स्थान – 40,000 रुपये
तृतीय स्थान – 30,000 रुपये
सब-जूनियर वर्ग
प्रथम स्थान – 50,000 रुपये
द्वितीय स्थान – 25,000 रुपये
तृतीय स्थान – 20,000 रुपये
एकल एवं दलीय खेलों में वही खिलाड़ी पात्र होंगे, जिन्होंने वास्तविक रूप से प्रतियोगिता में भाग लिया हो। उपलब्धियों का प्रमाण पत्र संबंधित राज्य खेल संघ के अधिकृत पदाधिकारी के माध्यम से प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। खेलवृत्ति की स्वीकृति हेतु संचालक, खेल एवं युवा कल्याण सक्षम अधिकारी होंगे।
खेलवृत्ति हेतु प्रमुख शर्तें
खिलाड़ी छत्तीसगढ़ का मूल निवासी हो तथा प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व किया हो। एक से अधिक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने की स्थिति में केवल श्रेष्ठतम वर्ग के आधार पर खेलवृत्ति दी जाएगी। प्रत्येक वित्तीय वर्ष में खिलाड़ी को केवल एक बार खेलवृत्ति की पात्रता होगी। खेलवृत्ति अधिकतम 25 वर्ष आयु तक के खिलाड़ियों को प्रदान की जाएगी। पात्रता का निर्धारण आवेदन वर्ष के पूर्व वर्ष में अर्जित खेल उपलब्धियों के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया
खेलवृत्ति हेतु आवेदन पत्र राज्य खेल संघ से प्रमाणीकरण के पश्चात खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय, रूद्री (धमतरी) में जमा किए जा सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 16 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र का प्रारूप विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
