मीरजापुर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के नाम पर हुई ऑनलाइन ठगी के मामले में अहरौरा थाना साइबर टीम ने बड़ी राहत दिलाई है। साइबर टीम की तत्परता से पीड़ित के खाते से कटी 45 हजार रुपये की धनराशि शनिवार को वापस करा दी गई।

थाना अहरौरा क्षेत्र के सत्यानगंज निवासी राकेश कुमार गुप्ता पुत्र बचऊ लाल ने 27 अगस्त 2025 को साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर क्रेडिट कार्ड अपडेट करने का झांसा दिया और बैंक विवरण हासिल कर उनके खाते से 45,800 रुपये निकाल लिए। मामले की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई थी।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में अहरौरा थाना साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान 45,000 रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
खाते में रकम वापस आने पर पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस और साइबर टीम की सराहना करते हुए आभार जताया। इस दौरान पीड़ित को साइबर जागरूकता के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए गए।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय मिश्र, हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, कांस्टेबल पवन गुप्ता व महिला कांस्टेबल महिमा उपाध्याय, साइबर सेल थाना शामिल रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
