

खड़गपुर, 24 फ़रवरी (हि. स.)। खड़गपुर मंडल के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अपराध नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षा के तहत 22–23 फरवरी को तीन अलग-अलग मामलों में सफल कार्रवाई की। इन कार्रवाइयों में चोरी का मोबाइल बरामद करना, खोया सामान लौटाना और एक लापता व्यक्ति को ढूंढकर परिजनों से मिलाना शामिल है।

रेलवे द्वारा मंगलवार शाम प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह जानकारी साझा की गई। पहले मामले में ओडिशा के बालेश्वर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ पोस्ट, सीआईबी और टास्क टीम द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान सीसीटीवी निगरानी में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि देखी गई। सूचना के आधार पर प्लेटफॉर्म संख्या-तीन से उसे हिरासत में लिया गया। तलाशी में उसके पास से करीब 13 हजार रुपये कीमत का एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक छोटा लोहे का चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में उसने मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। बरामद सामान जब्त कर आरोपित को जीआरपीएस को सौंप दिया गया और आगे की जांच जारी है।

दूसरे मामले में शालीमार रेलवे स्टेशन पर एक यात्री ट्रेन संख्या 12888 से उतरते समय अपना ट्रॉली बैग कोच बी-सात में भूल गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ ने स्टेबल लाइन पर खड़ी ट्रेन की जांच कर बैग बरामद किया। पहचान और सत्यापन के बाद बैग सुरक्षित अवस्था में यात्री को लौटा दिया गया।
तीसरे मामले में रेल मदद शिकायत के आधार पर आरपीएफ ने शालीमार स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-एक पर एक लापता व्यक्ति को खोज निकाला। सूचना मिलने पर उसका भाई आरपीएफ पोस्ट पहुंचा और आवश्यक पहचान प्रक्रिया के बाद व्यक्ति को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
