मेदिनीपुर, 10 फरवरी (हि. स.)। सिर्फ़ अफ़वाह के डर ने एक निर्दोष युवक की ज़िंदगी तबाह कर दी। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर ग्रामीण थाना क्षेत्र में रविवार रात ड्यूटी पर जा रहे एक इंजीनियर युवक को संदिग्ध समझकर स्थानीय लोगों ने बेरहमी से पीटा।पुलिस व परिवार सूत्रों के अनुसार, घायल युवक का नाम सौम्यदीप चंद (33) है। वह क़ेशियाड़ी ब्लॉक के गिलागेड़िया का निवासी है और खड़गपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित बंगाल एनर्जी नामक फैक्ट्री में इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। गंभीर रूप से घायल युवक की स्पाइनल कॉर्ड में गंभीर चोट आई है और परिजन आशंका जता रहे हैं कि वह ज़िंदगी भर के लिए अपंग हो सकता है।

घटना का संबंध हाल के दिनों में झाड़ग्राम जिले के विभिन्न इलाकों में फैली उस अफ़वाह से बताया जा रहा है, जिसमें कहा जा रहा था कि कुछ अज्ञात लोग गांवों में आकर “महत्वपूर्ण दस्तावेज़” चुराने की कोशिश कर रहे हैं। इसी डर के चलते झाड़ग्राम और उससे सटे पश्चिम मेदिनीपुर के गांवों में पुलिस द्वारा माइकिंग, रात की गश्त और निगरानी तेज़ की गई थी।

क़ेशियाड़ी थाना पुलिस ने भी रविवार रात चार गांवों में निगरानी अभियान चलाया था।
इसी बीच खड़गपुर ग्रामीण थाना अंतर्गत अनरकली इलाके में रविवार रात करीब 10 बजे यह दर्दनाक घटना घटी। रविवार रात पीड़ित युवक की नाइट ड्यूटी थी, जिसके लिए वह बाइक से ग्रामीण सड़क होते हुए फैक्ट्री जा रहा था।
आरोप है कि अनरकली इलाके में उसे अकेला पाकर स्थानीय लोगों ने घेर लिया। सौम्यदीप ने अपना पहचान पत्र दिखाने के बावजूद लोगों ने उसकी बात नहीं सुनी और बेरहमी से मारपीट की। लहूलुहान हालत में वह सड़क पर गिर पड़ा और जान की भीख मांगता रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को खड़गपुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे सोमवार भुवनेश्वर के हाईटेक मेडिकल कॉलेज ले गए।
सोमवार देर शाम भुवनेश्वर से सौम्यदीप के चाचा रिंटू चंद ने बताया कि उसे दौड़ाकर-दौड़ाकर मारा गया। किसी ने उसकी एक भी बात नहीं सुनी। स्पाइनल कॉर्ड में गंभीर चोट लगी है। अभी-अभी बड़ी सर्जरी हुई है। ऑपरेशन सफल रहा, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि वह शायद पहले जैसा कभी न हो सके। क्या एक स्वस्थ युवक को ज़िंदगी भर व्हीलचेयर पर रहना पड़ेगा, यही डर हमें हर पल खाए जा रहा है।
परिजनों ने अपील की है कि सौम्यदीप के साथ जो हुआ, वैसा किसी और के साथ न हो।
उधर, मंगवार सुबह जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रविवार रात खड़गपुर ग्रामीण इलाके में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। हालांकि गांववालों ने मारपीट के आरोप से इनकार किया है और उनका दावा है कि युवक सड़क दुर्घटना में घायल हुआ। पूरे मामले की जांच की जा रही है। युवक के स्वस्थ होने के बाद उससे भी बातचीत की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
