खड़गपुर, 07 फरवरी (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में शनिवार को तेज रफ्तार में ओवरटेक करने के दौरान एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 यात्री घायल हो गए।
यह हादसा खड़गपुर ग्रामीण थाना क्षेत्र के अंतर्गत सांकुआ इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या–16 पर सुबह करीब 10 बजे हुआ। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अमलाशुली से दीघा जा रही यात्री बस का चालक तेज गति में आगे चल रही दूसरी बस को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बस का टायर अचानक फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही खड़गपुर ग्रामीण थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाया गया। हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल खड़गपुर अनुमंडल अस्पताल तथा मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) मनोरंजन घोष ने मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस में करीब 70 यात्री सवार थे।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के एक अधिकारी ने बताया कि दो बसों के बीच होड़ (रेसिंग) की स्थिति के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं हादसे के बाद कुछ समय के लिए बाधित यातायात को बाद में सामान्य कर दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
