
खड़गपुर, 10 फरवरी (हि. स.)। मेदिनीपुर जिले के खड़िगाड़िया क्षेत्र में मंगलवार दोपहर खड़गपुर बालेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग 16 नंबर पर एक भयंकर सड़क दुर्घटना में लगभग 15 यात्री घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, खड़गपुर लोकल थाना अंतर्गत मकरामपुर टोल प्लाजा के पास एक बस और लॉरी आमने-सामने टकरा गई, जिसमें लगभग 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को खड़गपुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनमें से कुछ लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस और सड़क सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस और लॉरी की टक्कर तेज गति के कारण हुई। पुलिस ने सड़क पर यातायात नियंत्रित कर दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोग भी मौके पर घायल यात्रियों की मदद में जुटे थे। अधिकारियों ने लोगों से संयम बनाए रखने और सड़क पर अनावश्यक भीड़ से दूरी बनाए रखने का अनुरोध किया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
