बिजनौर, 12 मार्च (हि. स.) | जनपद बिजनौर के थाना नांगल सोती क्षेत्र के ग्राम मायापुरी चमरोला के बीच बनियापुर मौजा में एक महिला किसान मुनेश देवी के खेत में आज एक नर कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई | इसकी जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या मे ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। घटनास्थल पर पहुंचे नांगल थानाध्यक्ष अमर सिंह राठौड़ ने गहन जांच की जहां प्रारम्भिक जांच में एक नरमुंड तथा हड्डियों के कुछ टुकड़े पाए गए |

थानाध्यक्ष ने मामले की जानकारी उच्च अधिकारी को दी तथा फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर नर कंकाल के सैंपल एकत्र किए। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद अवशेषों को राजकीय जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है | पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने घटना की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नितेश प्रताप सिंह के अनुसार पोस्टपार्टम के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा की अवशेष कितने पुराने हैं और वह नर है या किसी महिला का सुनिश्चित करने के लिए डीएनए सैंपल भी सुरक्षित रखवाया जाएगा | पुलिस के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद अवशेष का नियम अनुसार अंतिम संस्कार कराया जाएगा |
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र
