
सीतापुर, 11 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर के खैराबाद थाना क्षेत्र की पुरानी बाजार में बुधवार करीब तीन बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर फल, सब्जी और कपड़ों की कई दुकानें जलकर राख हो गईं। इस घटना में दुकानदारों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

आग सबसे ज्यादा मुजीब अहमद, अमीन उर्फ पप्पू, अनीस अहमद और अदमान की दुकानों में फैली, जिससे वहां रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। आग देखते ही देखते तेजी से फैल गई, जिससे आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, तब जाकर आसपास की अन्य दुकानों को सुरक्षित किया जा सका।
चौकी इंचार्ज रजनीश ने बताया कि आग लगने के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन भी कराया जा रहा है। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला एवं खैराबाद नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बेबी अभिषेक गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को मदद का आश्वासन दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
