माघ मेला में गंगा स्वच्छता जागरण कार्यक्रम का हुआ भव्य आयोजन

प्रयागराज, 27 जनवरी (हि.स.)। माघ मेला में हुडसा संस्था की ओर से मंगलवार काे गंगा स्वच्छता जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने गंगा की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्हाेंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारत की जीवनरेखा और आस्था का प्रतीक है।

पूर्व सांसद प्राे. रीता बहुगुणा जोशी ने विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों से गंगा स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का अनिवार्य अंग बनाने पर जोर दिया।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ गंगा स्वच्छता जनजागरण रैली से हुआ। बैंड-बाजे के साथ, गगनभेदी नारों का उद्घोष करते हुए विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रैली निकाली। रैली हुडसा शिविर से प्रारंभ होकर गंगा अपर मार्ग से होते हुए त्रिवेणी मार्ग तक पहुंची तथा गंगा तट का भ्रमण करते हुए पुनः हुडसा शिविर में सम्पन्न हुई।
कार्यक्रम के अंतर्गत गंगा स्वच्छता पर स्लोगन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता, विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता संकल्प तथा सामाजिक सहभागिता से जुड़ी विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित हुई। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज, जगत तारन गर्ल्स इंटर कॉलेज, महिला सेवा सदन इंटर कॉलेज, क्रॉस्थवेट इंटर कॉलेज, राधारमण इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, समदरिया स्कूल दादूपुर सहित अन्य विद्यालयों के चयनित छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही। पेंटिंग प्रतियोगिता में क्रॉस्थवेट कॉलेज की तानिया धुरिया ने प्रथम, महिला सेवा सदन इण्टर कॉलेज की प्रसिद्धि सहाय ने द्वितीय तथा जगत तारन गर्ल्स कॉलेज की श्रुति विश्वकर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
हुडसा के सचिव डॉ. मणि शंकर द्विवेदी ने सभी अतिथियों एवं स्वयंसेवकों का स्वागत तथा आभार ज्ञापन दिनेश तिवारी ने किया। विशिष्ट अतिथि सक्षम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमला कान्त पांडेय, मूंछ नर्तक राजेंद्र तिवारी दुकानजी के अलावा डॉ अम्बिका पांडेय, सुधीर द्विवेदी, एम. पी. सिंह, डॉ बबली द्विवेदी, पथ प्रदर्शक से राय साहब, रितिक, आदित्य, कादंबरी द्विवेदी, दिलीप मालवीय, डॉ अब्दुल कादिर, सिद्धार्थ अर्जुन, आवेश अहमद, चित्रा कबीर, बबिता मौर्य, वन्दना विश्वकर्मा, विजय कुमार सिंह, दीपा मालवीया, मनीषा पांडेय आदि उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र
