गुवाहाटी, 26 जनवरी (हि.स.)। असम में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह रविवार को गुवाहाटी के खानापारा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय के खेल मैदान में भव्य रूप से आयोजित किया गया। आकर्षक परेड और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ राज्य ने 77वां गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाया।

असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने वरिष्ठ नागरिकों और पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और वर्दीधारी टुकड़ियों ने शानदार गठन में खड़े होकर औपचारिक सलामी दी। समारोह के दौरान भव्य परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विविध प्रदर्शन हुए, जिनमें राज्य की समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक विविधता की झलक दिखाई दी।
इस अवसर पर राज्य के सभी जिलों में भी स्थानीय स्तर पर ध्वज फहराया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया।
आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, असम सरकार ने मंत्रियों, स्वायत्त परिषदों के मुख्य कार्यकारी सदस्यों और उप मुख्य कार्यकारी सदस्यों तथा असम विधानसभा के उपाध्यक्ष को जिला और उप-जिला मुख्यालयों पर ध्वजारोहण की जिम्मेदारी सौंपी थी।
इस बीच, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने डिब्रूगढ़ में तिरंगा फहराया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि असम का विकास पहचान, समावेशिता और प्रगति की बहुआयामी यात्रा पर आधारित है। उन्होंने राज्य के विकास के लिए सरकार की विभिन्न पहलों का भी उल्लेख किया।———
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
