गरियाबंद, 19 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार पूरे जिले को साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर द्वारा जिले में 11 हजार 939 ऐसे लोगों को साक्षर बनाने का लक्ष्य दिया गया है। जिनकी उम्र 15 वर्ष से अधिक है और जो अभी तक पढ़ना-लिखना नहीं जानते। इन सभी शिक्षार्थियों का पंजीयन उल्लास पोर्टल में किया गया है और उन्हें साक्षरता केंद्रों में पढ़ाई कराई गई है। अब उनकी परीक्षा के लिए महापरीक्षा अभियान आयोजित किया जा रहा है। असाक्षरता विकसित समाज के लिए एक अभिशाप है।

उल्लास नवभारत साक्षरता परीक्षा रविवार 22 मार्च 2026 को सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। कलेक्टर बीएस उइके ने इस अभियान से जुड़े सभी स्वयंसेवी शिक्षक, ग्राम प्रभारी और जिला व विकासखंड स्तर के अधिकारियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक शिक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल कराएं और इस अभियान को सफल बनाएं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर
