जयपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयानों और ‘इंतजार शास्त्र’ टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारत में शास्त्रों की परंपरा पवित्र है और ‘इंतजार’ जैसे शब्द को इससे जोड़ना उचित नहीं है। तिवाड़ी ने कहा कि गहलोत यदि चाहें तो अपनी हताशा का इजहार कर सकते हैं, लेकिन शास्त्र जैसे शब्द का प्रयोग नहीं करना चाहिए।

तिवाड़ी ने आरोप लगाया कि गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में कई मुद्दों पर स्थिति खराब रही। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपरलीक, युवाओं में बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की समस्याएं और भ्रष्टाचार जैसे मामलों में जनता को इंतजार करना पड़ा। साथ ही उन्होंने ईआरसीपी और यमुना जल समझौते जैसी परियोजनाओं को लंबित रखने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने जेजेएम घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि गहलोत सरकार के कार्यकाल में मंत्री और अधिकारी तक जेल पहुंचे। वहीं आईपीडी टॉवर प्रोजेक्ट में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि इसकी लागत 400 करोड़ से बढ़कर 700 करोड़ रुपए तक पहुंच गई, जबकि पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाएं भी पर्याप्त नहीं रखी गईं।
चिकित्सा क्षेत्र के आंकड़ों का हवाला देते हुए तिवाड़ी ने कहा कि भजनलाल सरकार ने दो वर्षों में 6 नई पीएचसी, 84 सीएचसी, 61 उप जिला अस्पताल, 14 जिला अस्पताल और 18 सेटेलाइट अस्पताल खोले, जबकि गहलोत सरकार के कार्यकाल में यह संख्या काफी कम रही। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार ने चिकित्सा क्षेत्र में 50 हजार से अधिक भर्तियां की हैं और 14 हजार से अधिक प्रक्रियाधीन हैं, जबकि गहलोत सरकार ने पांच साल में 29 हजार भर्तियां ही की थीं।
तिवाड़ी ने कहा कि गहलोत सरकार ने 4148 घोषणाएं की थीं, जिनमें से 2208 पूरी नहीं हो पाईं और 626 पर एक रुपए तक खर्च नहीं हुआ। इसके विपरीत वर्तमान सरकार की 2719 बजट घोषणाओं में से 90 प्रतिशत पर स्वीकृति जारी हो चुकी है, 34 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और 56 प्रतिशत प्रगतिरत है।
उन्होंने सिविल लाइंस आरओबी और जोधपुर की विभिन्न परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व सरकार ने घोषणाएं तो कीं, लेकिन बजट और क्रियान्वयन में कमी रही। वहीं वर्तमान सरकार ने लंबित कार्यों को गति दी है और देरी के लिए एजेंसियों पर कार्रवाई भी की है।
अंत में तिवाड़ी ने कहा कि गहलोत सोशल मीडिया पर गलत तथ्यों के साथ बयानबाजी कर रहे हैं, जो उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार प्रदेश के विकास के लिए रोडमैप के साथ तेजी से कार्य कर रही है और पारदर्शिता के साथ योजनाओं को लागू किया जा रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
