फर्रुखाबाद, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। गांव की एक युवती को स्कॉर्पियो में बैठाकर होटल ले जाया गया, जहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता 14 अप्रैल को करीब 9 बजे जमापुर से अपने गांव लौट रही थी। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी उसके पास आकर रुकी। गाड़ी में सवार युवक पहचान का होने के कारण युवती उसमें बैठ गई। आरोप है कि कुछ दूर जाने के बाद उसे नशीला पदार्थ पिला दिया गया।
पीड़िता को नशे की हालत में फर्रुखाबाद के एक होटल में ले जाया गया, जहां आरोपित ने उसे शराब पीने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। आरोप है कि सभी ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
भाई को फोन कर बताई लोकेशन, 112 पुलिस पहुंची मौके पर
मौका मिलते ही पीड़िता ने अपने भाई को फोन कर लोकेशन दी। सूचना मिलते ही भाई मौके पर पहुंचा। इस दौरान डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि बदनामी और डर के कारण पीड़िता ने तत्काल थाने में शिकायत नहीं की।
पुलिस के अनुसार, अजित पुत्र दलसिंह निवासी ग्राम दारापुर थाना राजेपुर सहित कुल 05 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 60/26 में धारा 70(1), 115(2), 351(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है।
क्षेत्राधिकारी अमृतपुर अमरपाल सिंह ने मंगलवार काे बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar
